जमशेदपुर: पोटका अंचल अंतर्गत रोहिणीबेड़ा मौजा में बाहरी लोगों द्वारा अशांति फैलाने और जातीय विवाद उत्पन्न करने का मामला सामने आया है. इसे लेकर गांव के ग्रामीणों ने पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.


ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ बाहरी लोग अवैध रूप से वन एवं रैयती भूमि पर कब्जा कर गांव का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. ग्रामीणों ने कहा कि रोहिणीबेड़ा मौजा प्राचीन काल से सोहदा गाड़ी क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जिसे कपाड़ा गाड़ी घाट के नाम से भी जाना जाता है. यहां स्थित मां रंकिनी धाम गांव की आस्था, संस्कृति और धार्मिक पहचान का प्रमुख केंद्र है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जातिवाद का सहारा लेकर गांव में तनाव और विवाद की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं. आवेदन में कई लोगों पर रैयती और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग मूल निवासी नहीं होने के बावजूद गलत तरीके से वन पट्टा हासिल कर यहां रह रहे हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव में शांति व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द कायम रह सके.
मामले को गंभीर बताते हुए ग्रामीणों ने ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को भी सौंप दी है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन समय रहते हस्तक्षेप करे, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

