कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीडीह स्थित मिथिला मोटर यार्ड के बाहर सड़क किनारे सैकड़ों की संख्या में चेचिस खड़े किए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है. सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों के खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क किनारे चेचिस खड़े किए जा रहे हैं, जिसके कारण सड़क काफी संकरी हो गई है. खासकर बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है. वहीं बाइक और छोटे वाहन चालकों को भी आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही है.

ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और चेचिस चालकों के सांठगांठ से ऐसी स्थिति बनती है. वहीं पुलिस का कहना है कि बार- बार प्रबंधन को कहने के बाद भी प्रबंधन गंभीरता से नहीं ले रहा अब कार्रवाई की जाएगी. इधर प्रबंधन का कहना है कि यार्ड तक चेचिस पहुंचाने का जिम्मा ठेकेदार का होता है. ठेकेदार का ड्राईवार रोड में जहां- तहां चेचिस खड़ा कर दे तो इसमें उनकी जवाबदेही कहां से बनती है. पुलिस उनसे जुर्माना वसूले इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है.



