जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई. छापेमारी दल का नेतृत्व साईबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने किया. टीम में पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
पुलिस के अनुसार पहली छापेमारी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड गांव में की गई, जहां विष्णु मंडल के घर से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद सियाटांड़ और झिलुवा जंगल क्षेत्र में अभियान चलाकर एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया. वहीं नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियाँ गांव में छापेमारी कर दो और साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में करमाटांड़ निवासी विष्णु मंडल और सचिन मंडल, बाँसपहाड़ी निवासी सागर नायक, लोकनियाँ निवासी किशोर दास तथा पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विश्वजीत दास शामिल हैं.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे. इसके बाद वे बैंकिंग और ओटीपी से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर PhonePe और Google Pay के माध्यम से साइबर ठगी करते थे. इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी लोगों से ठगी की जाती थी. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सागर नायक पहले भी साइबर थाना जामताड़ा कांड संख्या 26/25 में आरोपित रह चुका है. वहीं किशोर दास के खिलाफ साइबर थाना जामताड़ा में कांड संख्या 47/20 दर्ज है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है. फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



