जामताड़ा: हॉकी जामताड़ा द्वारा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) एवं फिट इंडिया मूवमेंट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “Sundays on Cycle” कार्यक्रम ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और एकता का संदेश दिया. रविवार सुबह रानी सती मंदिर से गांधी मैदान तक आयोजित साइकिल रैली में विभिन्न विद्यालयों एवं खेल संघों से जुड़े लगभग 50 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों के बीच साइकिलिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर यह संदेश दिया कि नियमित साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

गांधी मैदान में आयोजित समापन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, मोटापा और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बीच साइकिलिंग एक सरल और प्रभावी उपाय है. जिला हॉकी संघ के वरीय उपाध्यक्ष संजय परशुरामका ने कहा कि साइकिलिंग से पेट्रोल-डीजल की खपत कम होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश की विदेशी मुद्रा की भी बचत होती है.
जिला कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष अरुप मित्रा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और साइकिलिंग व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाती है. जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष हरिओम और उपाध्यक्ष अनुप राय ने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग के विजेताओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया. सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. बालक वर्ग में विवेकानंद हेम्बरम ने प्रथम, सुजीत मुर्मू ने द्वितीय तथा आयुष चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं बालिका वर्ग में मोनिका मरांडी प्रथम, श्रेया श्री द्वितीय तथा कार्मिला मुर्मू तृतीय स्थान पर रहीं.
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के वरीय उपाध्यक्ष दीपक दुबे, राहुल सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष बरनवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



