जामताड़ा: जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर भिठरा गांव में खेत से बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है. मृतका की पहचान शीला देवी के रूप में हुई है. उनके पिता का नाम देवेंद्र सिंह उर्फ खुदू सिंह और पति का नाम गुड्डू सिंह बताया गया है. महिला का शव उसके घर से महज 70 मीटर की दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में कई सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


जानकारी के अनुसार, गुरुवार 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों को खेत से तेज दुर्गंध आने पर शव होने की जानकारी मिली. शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे. महिला का एक हाथ जला हुआ भी पाया गया. ग्रामीणों की सूचना पर कर्माटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्माटांड़ थाना में कांड संख्या 80/26, दिनांक 8 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इनमें हत्या, अपराध के साक्ष्य मिटाने तथा साझा आपराधिक मंशा से संबंधित प्रावधान शामिल हैं.
हालांकि, प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद महिला की हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसमें कौन शामिल था और शव का एक हाथ कैसे जला, इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है.
घर के इतने करीब शव मिलने से उठे सवाल
मृतका का घर घटनास्थल से महज 70 मीटर दूर बताया जा रहा है. ऐसे में घर के इतने करीब खेत में शव मिलने और उसकी सड़ी-गली अवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, पुलिस जांच से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
बताया गया है कि मृतका की एक छोटी बच्ची भी है. महिला की मौत से जुड़ी परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में पुलिस जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

