जामताड़ा:चित्तरंजन क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करते हुए चित्तरंजन में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख गेटों पर आरपीएफ जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई तथा सघन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले लोगों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई.

आरपीएफ द्वारा चलाए गए विशेष सुरक्षा अभियान के तहत सभी प्रवेश द्वारों पर आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की गई. सुरक्षा कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच कर पहचान सत्यापन के बाद ही लोगों को अंदर प्रवेश करने दिया. संदिग्ध गतिविधियों और बिना अनुमति प्रवेश करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती गई.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा जांच के दौरान आवश्यक सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया गया. एंबुलेंस, जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन तथा अन्य आवश्यक गतिविधियां पूर्ववत संचालित होती रहीं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में क्षेत्र में चोरी, चैन स्नैचिंग तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई थी. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया.
जानकारी के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाएं सामने आई थीं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया था. इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी है.
फिलहाल चित्तरंजन के सभी गेटों पर सुरक्षा बलों की तैनाती जारी है और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है. प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से अपराध पर नियंत्रण लगाने के साथ-साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



