आदित्यपुर: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार को डॉक्टरों ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में 3 साल के एक बच्चे के पेट से लगभग ढाई से 3 इंच लंबा लोहे का कांटी निकाला गया.

बताया गया कि बच्चे ने गलती से लोहे का कांटी निगल लिया था, जिसके बाद परिजनों ने उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया. जांच के बाद डॉक्टरों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया.
अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों तथा ऑपरेशन थिएटर के सभी स्टाफ ने पूरी सतर्कता और कुशलता के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया. सफल सर्जरी के बाद बच्चे की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.
अस्पताल प्रबंधन ने इसे संस्थान की एक बड़ी उपलब्धि बताया है. डॉक्टरों ने कहा कि समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बचाई जा सकी. इस सफल ऑपरेशन के बाद अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों की सराहना हो रही है.



