जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई है. जहां एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल5-13 में टाटा स्टील के एक रिटायर्ड कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया.

मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुप्रिया शादीशुदा थी और करीब तीन महीने की गर्भवती थी. इस कारण घटना ने लोगों को और अधिक झकझोर दिया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे की है. बताया जा रहा है कि आरोपी रविंद्र सिंह ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो घर के अंदर चारों ओर खून फैला हुआ था. आरोपी भी मौके पर मौजूद मिला. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात तक परिवार में सबकुछ सामान्य था. रिश्तेदारों ने बताया कि देर रात तक परिवार के सदस्यों से बातचीत हुई थी और किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं थी. ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.
जानकारी के अनुसार आरोपी रविंद्र सिंह हाल ही में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक पूर्णिमा साहू मौके पर पहुंचीं और घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने इसे बेहद मार्मिक घटना बताते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की.



