सरायकेला: जिले में झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ग्राम गाड़ी योजना को नई रफ्तार मिली है. ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने की दिशा में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने दलभंगा से जमशेदपुर तक चलने वाली नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

यह बस सेवा नारायणपुर, घाघी, सीतारामपुर डैम होते हुए आदित्यपुर और जमशेदपुर तक संचालित होगी. योजना की सबसे खास बात यह है कि छात्र- छात्राओं, बुजुर्गों, असहाय और दिव्यांग यात्रियों से किसी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा.
बस रवाना होने के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, परिवहन विभाग के अधिकारी, बस संचालक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांवों में रहने वाले लोगों को शहर तक आने- जाने में काफी सहूलियत मिलेगी.
जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने कहा कि ग्राम गाड़ी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़क और शहरों से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधे परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आसानी होगी.
उन्होंने बताया कि सरकार ने इस योजना के तहत समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को विशेष राहत देने का निर्णय लिया है. छात्र- छात्राएं, बुजुर्ग, असहाय एवं दिव्यांग यात्री बिना किसी शुल्क के सफर कर सकेंगे. इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक लोगों की पहुंच और आसान होगी.
ग्रामीणों ने कहा कि पहले गांव से शहर तक आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. निजी वाहनों का किराया अधिक होने के कारण गरीब परिवारों को आर्थिक बोझ झेलना पड़ता था. लेकिन अब ग्राम गाड़ी योजना शुरू होने से लोगों को सुरक्षित, सस्ती और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी.
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने लोगों से सरकार की इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में और भी ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं शुरू की जाएंगी ताकि गांव और शहर के बीच की दूरी को कम किया जा सके.
Report By Pramod Singh



