जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र के चर्चित डिमना रिसोर्ट का नाम बदलकर अब “लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट” कर दिया गया है, लेकिन विवादों से इसका नाता अब भी खत्म नहीं हुआ है. रविवार को उस समय इलाके में हड़कंप मच गया जब दर्जनों ग्रामीण अस्त्र-शस्त्र के साथ रिसोर्ट पहुंच गए और वहां मौजूद तीन युवक एवं तीन युवतियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया.

ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिसोर्ट में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां और देह व्यापार धड़ल्ले से चल रहा है. उनका कहना था कि शहरों में जिस तरह ओयो होटल को लेकर सवाल उठते रहे हैं, उसी तर्ज पर ग्रामीण इलाके में यह रिसोर्ट काम कर रहा है. ग्रामीणों के अचानक पहुंचने से पूरे रिसोर्ट परिसर में अफरा- तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई. ग्रामीणों ने रिसोर्ट परिसर में जमकर प्रदर्शन किया और कथित “पतंजलि सेंटर” को तत्काल बंद करने की मांग उठाई.
इधर रिसोर्ट संचालक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि परिसर में पतंजलि केंद्र संचालित होता है, जहां योग और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां कराई जाती हैं. संचालक का दावा है कि बिना पहचान पत्र और आधार कार्ड के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाता.
हालांकि ग्रामीणों का सवाल है कि यदि आधार कार्ड लेकर लोगों को कमरे दिए जा रहे हैं और बंद कमरों में गलत गतिविधियां हो रही हैं, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पतंजलि और योग केंद्र के नाम पर अनैतिक कारोबार को संरक्षण दिया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यह रिसोर्ट कथित देह व्यापार और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर कई बार सुर्खियों में रह चुका है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और पकड़े गए युवक- युवतियों से पूछताछ की जा रही है.



