जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर- साहिबगंज हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई. कुछ देर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार कोरीडीह वन गांव निवासी सफ़ाउल अंसारी की पांच वर्षीय पुत्री सजदा खातून तालाब से स्नान कर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने दुर्घटना में शामिल वाहन को पकड़ने और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोविंदपुर- साहिबगंज हाईवे जाम कर दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईवे पर लगातार तेज रफ्तार वाहन दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. आए दिन हो रहे हादसों से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है.
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गयी. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो वाहन की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है.
हादसे के बाद घायल बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.



