जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागुनहातु में शनिवार को घरेलू विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. पति- पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान गुस्से में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. बीच- बचाव करने पहुंची महिला की मां भी घटना में घायल हो गईं.

मिली जानकारी के अनुसार बागुनहातु निवासी रवि सिंह और उसकी पत्नी रेशमा सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच बहस और हाथापाई होने लगी. इसी दौरान आरोपी रवि सिंह ने घर में रखा चाकू उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया.
अचानक हुए हमले में रेशमा सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं. पत्नी की चीख सुनकर उसकी मां सुनीता कालिंदी मौके पर पहुंचीं और बेटी को बचाने का प्रयास करने लगीं. आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उनके साथ भी धक्का- मुक्की की, जिससे वह भी घायल हो गईं.
घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. अस्पताल में पुलिस ने घायलों से पूछताछ की. वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि सिंह मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार पति- पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.



