जामताड़ा: डीएन हाई स्कूल में मदर्स डे के अवसर पर भावनाओं से ओत- प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता और एकांकी के माध्यम से मातृत्व के प्रति श्रद्धा और प्रेम व्यक्त किया. पूरे समारोह में भावुक और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा.

कार्यक्रम की शुरुआत संचालक लक्ष्मण मंडल और दीपा यादव ने मां की महिमा पर आधारित मार्मिक पंक्तियों के साथ की, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया. इसके बाद मुख्य अतिथि जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता का स्वागत किया गया.
विद्यालय की छात्राओं तनिशी, दीपा और अर्चना ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को संगीतमय वातावरण प्रदान किया. वहीं केजी के नन्हे बच्चों की प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया.
कक्षा एक के विद्यार्थियों ने “चंदानियाँ छुप जाना रे…” गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा दो के बच्चों ने “लुका- छुप्पी बहुत हुई सामने आ जा…” गीत पर आकर्षक प्रस्तुति दी. कक्षा तीन के विद्यार्थियों ने “तू कितनी अच्छी है, तू कितनी प्यारी है…” गीत पर भावपूर्ण नृत्य कर उपस्थित माताओं को भावुक कर दिया.
कक्षा चार के बच्चों ने “जनम- जनम हो तू ही मेरे पास माँ” गीत पर शानदार प्रस्तुति दी. वहीं कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरियसी” के संदेश के साथ देशभक्ति गीत पर नृत्य कर खूब तालियां बटोरी. कक्षा छह और सात के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को भी लोगों ने सराहा.
कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने शायरी और कविताओं के माध्यम से मां के प्रति सम्मान व्यक्त किया, जबकि कक्षा नौ के बच्चों ने “ममता के मंदिर की…” गीत के जरिए मातृत्व के महत्व को दर्शाया. कक्षा दस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एकांकी ने आधुनिक समाज में माता-पिता के प्रति घटते सम्मान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम के दौरान शाहबाज नदीम ने “माँ ओ मेरी माँ” गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भावुक बना दिया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि आशा गुप्ता ने विद्यालय द्वारा चयनित वर्ष की दो सहयोगी माताओं नेहा ओझा और सुनयना यादव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.
लगभग सौ विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए बधाई संदेश कार्ड तैयार कर उन्हें भेंट किए. साथ ही समारोह में उपस्थित सभी माताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही.
Report By Manish Baranwal



