आदित्यपुर: इंडस्ट्रियल एरिया स्थित JMT ऑटो के मजदूरों ने अपने आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया है. मजदूरों की ओर से जारी सूचना के अनुसार 5 मई से 7 मई तक शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई पहल या समझौता वार्ता नहीं की गई. इसके बाद अब 8 मई से चरणबद्ध उग्र आंदोलन शुरू करने की घोषणा की गई है.

सूचना में कहा गया है कि आंदोलन के तहत सभी यूनिट पर रैली, गेट जाम, मेन रोड जाम और चरणबद्ध भूख हड़ताल की जाएगी. मजदूरों का आरोप है कि JMT ऑटो का अधिग्रहण RKFL ग्रुप द्वारा किए जाने के बाद भी कर्मचारियों का समायोजन और लंबित सेटलमेंट अब तक नहीं किया गया है. इसी मुद्दे को लेकर मजदूर लगातार आंदोलन कर रहे हैं.
मजदूरों ने साफ कहा है कि यदि आंदोलन के दौरान किसी प्रकार की क्षति या नुकसान होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी. सूचना पत्र की प्रतिलिपि आदित्यपुर थाना प्रभारी, उपसमाहर्ता जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है.

