जामताड़ा: जिले में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है. डीसी अलोक कुमार के निर्देश पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के नुरगी और नयाडीह इलाके में बराकर नदी से हो रहे अवैध पत्थर उत्खनन पर संयुक्त छापेमारी की गई.

जिला खनन कार्यालय और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर मौके पर कार्रवाई की. इस दौरान अवैध खनन और भंडारण के मामले सामने आने पर खान निरीक्षक द्वारा नारायणपुर थाना में कांड संख्या 45/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
उपायुक्त आलोक कुमार ने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन, उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसे मामलों को लेकर पूरी तरह गंभीर है. ऐसे किसी भी गतिविधि में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
बताया गया कि उपायुक्त को लगातार शिकायत मिल रही थी कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के कई इलाकों में बराकर नदी से अवैध रूप से पत्थर निकाला जा रहा है और उसका भंडारण भी किया जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल संयुक्त टीम गठित कर औचक निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश दिए थे.
प्रशासन ने संबंधित थाना और खनन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी अवैध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए. यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि अब जामताड़ा में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ेगी और माफियाओं पर नकेल कसने का अभियान तेज होगा.
Report By Manish Baranwal

