सरायकेला: समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार इस बार आम लोगों की समस्याओं का बड़ा मंच बनकर सामने आया. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं.

जनता दरबार में बिजली के झूलते तार, सड़क अतिक्रमण, नालियों की गंदगी, रोजगार योजनाओं का लंबित भुगतान और शिक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए. खासतौर पर कांड्रा मुख्य मार्ग पर जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग को गंभीरता से लिया गया. इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की लंबित दूसरी किस्त, नीमडीह और खरसावां प्रखंड के लैम्प्स में धान खरीद के बाद लंबित बायोमेट्रिक और ऑनलाइन एंट्री का मामला भी सामने आया.
जनता ने शहीद पार्क खरसावां में रखरखाव के लिए माली की नियुक्ति, सीएम उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत मातृभाषा में पढ़ाई बहाल करने और पेसा अधिनियम के अनुरूप चयन प्रक्रिया लागू करने की मांग भी रखी.
उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन करते हुए लोगों को राहत दी, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. जनता दरबार में स्वास्थ्य, शिक्षा और जन वितरण प्रणाली से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर जांच के बाद कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई.
Report By Pramod Singh

