चांडिल: कुकड़ू में जंगली हाथी के हमले में मारे गए मुनी राम गोराई के अंतिम संस्कार में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. अंतिम संस्कार के दौरान हरे लाल महतो ने इस घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए सरकार और वन विभाग पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जंगली हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में हालात और भयावह हो सकते हैं. उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था करने की मांग करते हुए कहा कि आए दिन हाथियों के हमले में गरीब ग्रामीणों की जान जा रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं. हरे लाल महतो ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक मौत के बाद मुआवजा और औपचारिकता निभाई जाती रहेगी. उन्होंने कहा कि जरूरत है स्थायी समाधान की, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
गौरतलब है कि रविवार शाम कुकडू प्रखंड निवासी मुनी राम गोराई की जंगली हाथियों के हमले में मौत हो गई थी. बताया जाता है कि वह राशन लेकर घर लौट रहे थे, तभी सुनसान स्थान पर हाथियों ने उन्हें घेर लिया और कुचलकर मार डाला. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीण लगातार हाथियों के बढ़ते आतंक से भयभीत हैं और प्रशासन से सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग कर रहे हैं.
Report by Afroz Mallik

