सरायकेला: पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत को लेकर राजनीतिक उत्साह चरम पर है. भाजपा नेता सुमित चौधरी ने इस परिणाम को जनता की निर्णायक जीत बताते हुए कहा कि यह वर्षों के संघर्ष, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का प्रतिफल है.

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जन मुद्दों के साथ खड़ी रही और लोगों के दुख- दर्द को समझते हुए लगातार उनके बीच काम किया. विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी और संगठन को मजबूती से खड़ा रखा, जिसका परिणाम आज ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया है.
सुमित चौधरी ने इस जीत का श्रेय बंगाल की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति और चुनाव प्रबंधन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने बताया कि सरायकेला- खरसावां जिले से भी कई कार्यकर्ता प्रवासी के रूप में बंगाल जाकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाते रहे.
उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ भाजपा की नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की उस जनता की जीत है, जो लंबे समय से अन्याय और अत्याचार झेल रही थी. लोगों ने इस बार डर और दबाव की राजनीति को नकारते हुए अपने वोट की ताकत से बदलाव का संदेश दिया है.
सुमित चौधरी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में जनता खुद को असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रही थी, लेकिन अब लोकतंत्र में जनता ने अंतिम फैसला सुनाते हुए बदलाव का रास्ता चुना है. उन्होंने कहा कि यह परिणाम इस बात का संकेत है कि देश की जनता अब विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति चाहती है और भाजपा इसी संकल्प के साथ आगे भी जनता की सेवा करती रहेगी.
Report by Pramod Singh

