सरायकेला: पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए गुम हुए 13 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देशन में चलाए जा रहे “प्रोजेक्ट डिवाइस” के तहत की गई.

जानकारी के अनुसार, सरायकेला थाना क्षेत्र में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली. सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से कुल 13 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया. बरामद मोबाइल फोन को सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में सत्यापन के बाद उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया. लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके लोगों के लिए यह पल बेहद खुशी का रहा.
मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों ने सरायकेला पुलिस का आभार जताया और इस पहल की सराहना की. यह अभियान न केवल पुलिस के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा रहा है, बल्कि तकनीक के प्रभावी उपयोग का भी उदाहरण बन रहा है.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि गुम हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रैकिंग कर रिकवरी संभव हो रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते मोबाइल बरामद किया जा सके.
Report by Pramod Singh

