जामताड़ा: जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. झारखंड विधानसभाध्यक्ष रबिन्द्र नाथ महतो के क्षेत्र में 8 वर्षीय आदिवासी मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

मामला बिंदापाथर थाना क्षेत्र का है, जहां गांव के ही 59 वर्षीय व्यक्ति बलराम सिंह पर इस घृणित अपराध का आरोप लगा है. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश और तनाव फैल गया. पीड़िता की मां ने तुरंत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इस संबंध में बिंदापाथर थाना कांड संख्या 16/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और POCSO Act की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने पीड़िता की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उसे चिकित्सकीय जांच और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जल्द सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है.
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Report by Manish Baranwal

