सरायकेला- खरसावां: जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत तुमंग पंचायत के ग्राम अंतुसाई (भालकाडीह) में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत की गई. जिला परिषद क्षेत्र संख्या-17 में स्थित इस गांव में एक निजी तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया.

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो, ग्राम प्रधान तपन महतो एवं वार्ड सदस्य बेबी महतो ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर किया. यह तालाब संजय महतो का निजी तालाब है, जिसका जीर्णोद्धार किए जाने से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्रामीणों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा.
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया. स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब के पुनर्जीवन से गांव में जल संकट की समस्या में कमी आएगी और कृषि कार्यों को भी मजबूती मिलेगी. खासकर गर्मी के मौसम में यह तालाब ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा साधन बनेगा.
कार्यक्रम के दौरान बिनोद, बलदेव, धर्मेंद्र, बलराम, मलिन, दैतारी, राजेश, स्वाधीन, शांतिराम, प्रेमचंद, विपिन बिहारी एवं शंकर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली.
ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके पहल से ही गांव को यह सुविधा मिल पाई है. लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस तरह के और भी विकास कार्य क्षेत्र में किए जाएंगे.
Report By Rasbihari Mandal

