राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत सोलगाडिया गांव में रविवार को आए तेज आंधी- तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया है. तेज हवाओं के कारण गांव की जलमीनार पर लगे सोलर पैनल उड़ गए, जिससे पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है.

इस घटना के बाद गांव के करीब 80 परिवारों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. हालात ऐसे हैं कि महिलाओं को अब दूर स्थित तालाब से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार ही गांव में पानी का मुख्य स्रोत था. इसके बंद हो जाने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जलमीनार की जल्द मरम्मत कर सोलर पैनल पुनः लगाया जाए, ताकि पानी की आपूर्ति बहाल हो सके.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर पेयजल संकट दूर करने की अपील की है.

