सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया.

इस अवसर पर उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, प्रशिक्षकगण एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और समग्र विकास की मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त जानकारी भविष्य की नीतियों को दिशा देती है.
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे इस कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें. हर फॉर्म, कॉलम और प्रक्रिया को समझना जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो. साथ ही प्रत्येक परिवार से सटीक और सत्य जानकारी लेना भी बेहद आवश्यक है.
अध्यक्ष ने कहा कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारी गोपनीय होती है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है. उन्होंने आम लोगों के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में कई ऐसे लोग हैं, जिनका नाम स्थानीय मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. ऐसे में सभी पात्र लोगों को पारदर्शिता के साथ मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जागरूक करना जरूरी है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
कार्यक्रम में तकनीकी माध्यमों के उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल और टैब के माध्यम से डेटा संग्रह की प्रक्रिया को सही तरीके से समझना आवश्यक है. अंत में सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया गया कि वे जनगणना कार्य को राष्ट्र निर्माण का आधार मानते हुए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएं.

