गिरिडीह: जिले के सदर प्रखंड के बजटो गांव में फूड पॉइजनिंग की बड़ी घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है. रविवार शाम गुपचुप-छोला खाने के बाद एक 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं.

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5 बजे गांव में एक अज्ञात ठेला विक्रेता गुपचुप और छोला बेच रहा था. गांव के बच्चों और ग्रामीणों ने उससे चाट खरीदा और खाया. रविवार सुबह होते- होते खाने वाले लोगों को तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में अफरा- तफरी मच गई.
इस घटना में बजटो गांव निवासी रिंकू देवी के 6 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना के बाद 22 से अधिक बीमार लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मरीजों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं. सभी का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया. उनके निर्देश पर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह, बीडीओ गणेश रजक और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और सभी मरीजों के समुचित इलाज के निर्देश दिए. वहीं गांडेय के पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. जिन लोगों ने गुपचुप खाया था, उनकी पहचान कर स्वास्थ्य जांच की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है.
इधर पुलिस उस ठेला विक्रेता की तलाश में जुट गई है, जिसने गुपचुप-छोला बेचा था. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई है. सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

