सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला- टाटा मुख्य मार्ग एक बार फिर बदहाल सड़क और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बन गया. बड़ाककाड़ा मोड़ के पास रविवार शाम करीब 6:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार टेंपो ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा- तफरी मच गई. घायलों की पहचान प्रदीप प्रधान, एचके महतो, राजकुमार ग्वाल और दीपक गागराई के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दीपक गागराई सरायकेला पुलिस केंद्र में पदस्थापित हैं और ड्यूटी से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला. सूचना मिलते ही सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की. वहीं सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने मौके पर पहुंचकर टेंपो और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए सड़क की जर्जर हालत को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि सड़क पर बने बड़े- बड़े गड्ढे ‘मौत के गड्ढे’ बन चुके हैं, जो आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं. इसके बावजूद प्रशासन द्वारा मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब जागेगा प्रशासन और कब तक लोग इन खतरनाक सड़कों पर अपनी जान जोखिम में डालते रहेंगे.

