जामताड़ा/ Manish Baranwal आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन द्वारा संचालित “अनसंग हीरोज अवॉर्ड” के तहत जामताड़ा जिले के दो समाजसेवियों को सम्मानित किया गया है. हजारीबाग के मालवीय मार्ग स्थित शंभु बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य समारोह में संजय अग्रवाल और निवास मंडल को उनके निस्वार्थ सेवा कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया.

यह सम्मान आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर की प्रेरणा से चल रहे वैश्विक अभियान के अंतर्गत दिया गया, जिसमें समाज के उन लोगों को पहचान दी जाती है जो बिना किसी प्रचार के समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का कार्य करते हैं.
कार्यक्रम में राज्य के सीनियर एपेक्स बॉडी और जूरी सदस्यों की मौजूदगी में दोनों सम्मानित हस्तियों को प्रतीक चिह्न और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों से आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यकर्ता और चयनित अनसंग हीरोज भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
बताया गया कि जामताड़ा चेंबर ऑफ कॉमर्स के लंबे समय से अध्यक्ष रहे संजय अग्रवाल ने खासकर कोरोना काल के दौरान अग्रिम पंक्ति में रहकर व्यापारियों और आम जनता की मदद की. वहीं विद्यासागर निवासी निवास मंडल ने खेल के माध्यम से युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर कर सामाजिक बदलाव की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है. उन्होंने कई आदिवासी बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है.
आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा के जिला विकास समिति सदस्य एवं मीडिया प्रभारी विजय भगत ने बताया कि इन दोनों समाजसेवियों के कार्यों का विवरण इंटरनेशनल सेंटर को भेजा गया था, जिसके बाद चयन प्रक्रिया में उन्हें इस सम्मान के योग्य पाया गया.
समारोह में जूरी सदस्यों ने कहा कि ऐसे लोगों का योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है और यह सम्मान दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करेगा.
इस अवसर पर जामताड़ा से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया. इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा गया कि इन “साइलेंट हीरोज” ने जामताड़ा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है.

