बोकारो: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के तहत आयोजित जेटेट प्रतियोगी परीक्षा को लेकर बोकारो में भारी अव्यवस्था सामने आई है. हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र समय पर नहीं पहुंचने से सैकड़ों अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ.

जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन तय समय तक प्रश्न पत्र नहीं पहुंचा. इस वजह से करीब 700 परीक्षार्थी केंद्र के अंदर ही फंसे रहे. छात्रों का आरोप है कि उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया गया और स्कूल का गेट बंद कर दिया गया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.
गुस्साए छात्रों ने विरोध जताते हुए गेट तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें वापस अंदर कर दिया. परीक्षा केंद्र के अंदर से छात्र-छात्राएं लगातार आवाज उठाते रहे और अव्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते रहे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. वहीं, मीडिया को भी कवरेज से रोके जाने की बात सामने आई है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
बाहरी राज्यों से आए अभ्यर्थियों ने भी अपनी परेशानी जाहिर की. पटना से आई छात्रा शबनम ने कहा कि सुबह से केंद्र पर पहुंचने के बावजूद परीक्षा शुरू नहीं हो सकी और कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई. वहीं रांची और उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से आए छात्रों ने भी आरोप लगाया कि उन्हें घंटों तक बिना जानकारी के रोके रखा गया.
छात्रों का कहना है कि 18 साल बाद आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है. अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की मांग की है. बताया जा रहा है कि प्रश्न पत्र धनबाद से आना था, लेकिन समय पर नहीं पहुंच सका, जिससे यह पूरी अव्यवस्था उत्पन्न हुई. फिलहाल प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा है, लेकिन इस घटना ने परीक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

