हज़ारीबाग़: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र हजारीबाग में रविवार को भव्य पासिंग आउट परेड समारोह का आयोजन किया गया. 63 दिनों के कठोर प्रशिक्षण के बाद गिरिडीह जिले के 355 गृहरक्षकों ने शानदार मार्च पास्ट कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया.

इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपायुक्त हेमंत सती ने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षुओं की सलामी ली. कार्यक्रम के दौरान सभी गृहरक्षकों ने सेवा मूल्यों को बनाए रखने, संविधान के प्रति निष्ठा रखने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की शपथ ली.
मार्च पास्ट के दौरान प्रशिक्षुओं की अनुशासन, तालमेल और प्रशिक्षण की झलक साफ दिखाई दी, जिसे देखकर उपस्थित अधिकारी और अतिथि भी प्रभावित हुए. उपायुक्त ने कहा कि मात्र 63 दिनों की अल्प अवधि में इस तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन काबिले तारीफ है.
उन्होंने सभी गृहरक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके जीवन की नई शुरुआत है और वे अपने गृह जिला गिरिडीह में बेहतर सेवा देकर समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. समारोह के दौरान प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने भी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया.

