जामताड़ा Manish Baranwal मिहिजाम में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जैसी दिखने वाली दो मोपेड ने वाहन मालिक और पुलिस दोनों को कुछ समय के लिए उलझन में डाल दिया. हालांकि पुलिस की तत्परता से यह पूरा मामला चंद घंटों में सुलझा लिया गया.

घटना मिहिजाम रेलवे फाटक के पास की है, जहां दो मोपेड एक साथ खड़ी थीं और दोनों देखने में बिल्कुल एक जैसी थीं. पोखरतल्ला निवासी पवन कुमार सोनी अपनी गाड़ी समझकर एक मोपेड लेकर घर चले गए. उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह किसी और की गाड़ी लेकर जा रहे हैं.
इधर जब नंद लाल प्रसाद साव अपनी गाड़ी लेने पहुंचे, तो वाहन गायब देख उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा और एएसआई जहांगीर अंसारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
जांच के दौरान घटनास्थल के पास ही एक अन्य मोपेड लावारिस हालत में मिली. वाहन नंबर की जांच करने पर पता चला कि यह पवन सोनी की गाड़ी है. इसके बाद पुलिस ने पवन को खोज निकाला, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों मोपेड की चाबियां काफी घिस चुकी थीं. इसी वजह से एक गाड़ी की चाबी से दूसरी गाड़ी का लॉक भी खुल जा रहा था, जिससे यह भ्रम की स्थिति पैदा हुई. थाना प्रभारी ने दोनों वाहन मालिकों को थाने बुलाकर कागजी प्रक्रिया पूरी कराई. इसके बाद नंद लाल को उनकी गाड़ी वापस मिली और पवन सोनी भी अपनी असली मोपेड लेकर घर लौट गए. पुलिस ने दोनों को सलाह दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए अपने वाहनों के लॉक जल्द बदलवा लें.

