जमशेदपुर/ Varun Kumar 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव के अवसर पर गुरुवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. झारखंड क्षत्रिय संघ की बागबेड़ा और परसुडीह इकाई की ओर से जुगसलाई स्थित कुंवर सिंह चौक पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.

इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके शौर्य और बलिदान को नमन किया. कार्यक्रम के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने वीर कुंवर सिंह के साहस, राष्ट्रभक्ति और संघर्षपूर्ण जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला.

![]()
झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की अध्यक्ष डॉ कविता परमार ने कहा कि 80 वर्ष की आयु में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले वीर कुंवर सिंह पूरे देश के लिए वीरता के प्रतीक हैं. उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
वहीं, झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने समाज की एकता और अखंडता पर जोर देते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए.
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष संजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी ऐतिहासिक विरासत को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. इस मौके पर संघ के कई पदाधिकारी, सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं युवा मौजूद रहे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “वीर कुंवर सिंह अमर रहें” के नारों के साथ किया गया.

