जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की मौत हो गई. घटना सुबह करीब सात बजे माउंट व्यू स्कूल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक ने व्यक्ति को करीब पचास फीट तक घसीट दिया.

हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था. स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर विरोध जताया, लेकिन अफरा- तफरी के बीच वह वहां से फरार होने में सफल हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान डिमना रोड स्थित सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है, जो सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता थे. परिजनों के अनुसार, वह उसी सुबह दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे और घर से कुछ ही देर में वापस आने की बात कहकर निकले थे, तभी यह हादसा हो गया.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

