जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखण्ड संयुक्त असैनिक (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई. कुल 3624 परीक्षार्थियों में से प्रथम पाली में 2262 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 1362 अनुपस्थित रहे. वहीं द्वितीय पाली में 2261 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1363 अनुपस्थित रहे. परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त आलोक कुमार ने परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, जामताड़ा इंटर महाविद्यालय एवं एडवर्ड इंग्लिश स्कूल स्थित केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीसीटीवी कैमरों से निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया और परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखने का निर्देश दिया. साथ ही केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ दायित्व निभाने को कहा.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया. इस दौरान समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहा और सभी केंद्रों से लगातार संपर्क में रहा. नियंत्रण कक्ष में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

