जामताड़ा/ Manish Baranwal अग्निशमन विभाग द्वारा फायर सेफ्टी को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिले के अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, मॉल और बड़े संस्थानों में लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी जा रही है.

रविवार को झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम ने अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मुस्कान हॉस्पिटल पोसोई सहित कई संस्थानों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया.
इस दौरान लोगों को बताया गया कि आग लगने से कैसे बचा जाए, आग लगने की स्थिति में क्या करें और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के क्या उपाय हैं. अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि हर वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है. इस दौरान व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा के प्रति सचेत किया जाता है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार की थीम “हॉस्पिटल सुरक्षित तो सभी सुरक्षित” रखी गई है. हाल के दिनों में अस्पतालों में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए इस बार अस्पतालों और अन्य संस्थानों में जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
अग्निशमन विभाग का यह अभियान लोगों को सतर्क और जागरूक बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जान- माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

