जमशेदपुऱ/ Varun Kumar बिरसानगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों के आवंटन में हो रही देरी को लेकर अब राजनीतिक पहल तेज हो गई है. जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए झारखंड विधानसभा परिसर में विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात की.

मुलाकात के दौरान पूर्णिमा साहू ने लाभार्थियों की ओर से तैयार सूची कल्पना सोरेन को सौंपते हुए आग्रह किया कि जिन आवास ब्लॉकों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका जल्द से जल्द आवंटन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुक लंबे समय से अपने हक के इंतजार में हैं और उन्हें शीघ्र राहत मिलनी चाहिए.
इसके साथ ही विधायक ने योजना से जुड़ी अन्य व्यावहारिक समस्याओं को भी सामने रखा और उनके त्वरित समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने सरकार से इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने की मांग की, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आवास उपलब्ध कराया जा सके. इस पहल के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन स्तर पर इस मामले में तेजी आएगी और लंबित आवंटन प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी.

