जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडीह में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतका की पहचान सरायकेला- खरसावां जिले के दूधी गांव निवासी 19 वर्षीय बेबी सोरेन के रूप में की गई है. घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां चंपा सोरेन समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए.
घटना को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. यह आत्महत्या, हत्या या हादसा है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने बताया कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची, इस बिंदु पर गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.
पुलिस के अनुसार, बेबी सोरेन की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा निवासी युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी. शादी के बाद वह कुछ समय मायके में रही और हाल ही में जमशेदपुर आई थी. यहां वह करनडीह इलाके में अपनी सहेली के साथ रह रही थी.
बताया जा रहा है कि युवती रोज सुबह घर से बाहर निकलती थी. गुरुवार को भी वह सुबह निकली, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला. सूचना मिलने पर उसकी सहेली ने मौके पर पहुंचकर पहचान की और परिजनों को सूचना दी.
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है.

