चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान दो दिनों में आईईडी ब्लास्ट की घटनाओं में कुल 6 जवान घायल हो गए हैं. ताजा घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जब सुरक्षाबलों की टीम जंगल के भीतर अभियान चला रही थी.


जानकारी के अनुसार, जैसे ही जवान आगे बढ़े, पहले से प्लांट किए गए आईईडी में जोरदार विस्फोट हो गया. इस धमाके में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया, जहां उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गौरतलब है कि बुधवार को भी इसी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इसके बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट में 5 जवान घायल हो गए थे. इस तरह दो दिनों में कुल 6 जवान घायल हो चुके हैं, जिससे इलाके की स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सारंडा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है. अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है और नक्सलियों के खिलाफ व्यापक अभियान जारी है. जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नक्सलियों के ठिकानों को ध्वस्त किया जा सके और क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके.



