सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र के राजबांध बस्ती में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर बस्तीवासियों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष बीजू दत्त ने की. भाजपा नेता सुमित चौधरी ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए समाज को उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया.
इस मौके पर पूर्व नगर अध्यक्ष बद्री नारायण दरोगा, लिपू मोहती, पिंकी मोदक, कुश कर, गीता मुखी सहित सैकड़ों बस्तीवासी मौजूद रहे. कार्यक्रम के बाद भाजपा नेताओं ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.
बैठक के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया. वहीं बस्ती में बढ़ते पेयजल संकट को लेकर भाजपा नेताओं ने नगर पंचायत में शिकायत दर्ज कराई. नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेगा.

