चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास सोमवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट अनावरण कर किया. इन दोनों योजनाओं के तहत कुल 5 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण करीब 3 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा.

इसमें भांगाट से राकाड़ तक 2.6 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 1 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से तथा पीडब्ल्यूडी पथ मांझाडीह मोड़ से माकुला भाया बानडीह तक 2.4 किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 2 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा.
शिलान्यास के अवसर पर सविता महतो ने कहा कि ये दोनों सड़कें क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी, खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी. उन्होंने बताया कि सड़कों के निर्माण से गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा. किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. छात्रों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में आसानी होगी और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी.
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है और सड़क, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समय पर काम पूरा कराया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में और भी विकास योजनाएं लाई जाएंगी, ताकि हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंच सके और लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो.
इस अवसर पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय तिर्की, कनीय अभियंता संजय महतो, जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.

