जामताड़ा/ Manish Baranwal भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार उपस्थित रहीं.

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शालिनी बैसखियार ने कहा कि सितंबर 2023 में संसद में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे कानून का रूप दिया गया है, जो महिलाओं के अधिकार, सम्मान और भागीदारी को सुनिश्चित करेगा.
उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों को साकार करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है. वर्षों से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी पर केवल चर्चा होती रही, लेकिन अब पहली बार इस दिशा में ठोस और निर्णायक कदम उठाया गया है. उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा, जिससे महिलाएं सीधे नीति निर्माण में भागीदारी निभा सकेंगी. इससे न केवल महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा, बल्कि समाज के हर वर्ग की आवाज भी मजबूत होगी.
जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाओं की है और इस अधिनियम से उन्हें नई शक्ति मिलेगी. वहीं मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसने महिलाओं को सम्मान और अवसर देने का काम किया है. कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, संजू देवी, सोनम प्रकाश, ज्योति देवी, मीनू देवी सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं.

