चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड से मगधा गौड़ समाज के करीब 100 लोगों का जत्था मां संबलेश्वरी के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए हाथनाबेड़ा नवामुंडी के लिए रवाना हुआ. मां संबलेश्वरी संघ सोनुआ के बैनर तले निकले इस जत्थे में समाज के विभिन्न गांवों के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए. प्रस्थान से पहले सभी श्रद्धालुओं ने सोनुआ के निश्चितपुर स्थित शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका और अपने इष्ट देवी का आशीर्वाद लेकर यात्रा शुरू की.

मगधा गौड़ समाज द्वारा हर वर्ष मां संबलेश्वरी का स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम सहित पूरे राज्य से समाज के लोग एकत्रित होकर पूजा-अर्चना के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं.
समाज के लोगों में अपने इष्ट देवी मां संबलेश्वरी के प्रति गहरा उत्साह और आस्था देखने को मिली. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सोनुआ क्षेत्र में समाज के इस नए संगठन का उद्देश्य केवल एक मंच तैयार करना नहीं, बल्कि अपनी परंपराओं, संस्कृति और एकता को सहेजना है.
उन्होंने कहा कि पूर्वजों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को शिक्षा, विकास और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ाना होगा. साथ ही सभी से एकजुट होकर समाज को नई पहचान दिलाने का आह्वान किया गया.
इस अवसर पर मनोहर गोप, मिलु गोप, जितेंद्र गोप, शत्रुघ्न गोप, राजेंद्र गोप, अंजू गोप, राधामनी गोप, जयंती गोप, संकीर्तन गोप, पुष्पांजलि गोप, योगेंद्र गोप, बिना गोप, सुनीता गोप, बनमली गोप, सुक्रमणि गोप, मोहना गोप, विजय गोप सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे.

