रांची: से बड़ी खबर सामने आई है. जहां जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने रड़गांव स्थित एक निर्माणाधीन अस्पताल भवन में छापेमारी कर करीब 160 अभ्यर्थियों को डिटेन किया है.

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उक्त भवन में ठहरे हुए हैं. इसी आधार पर देर रात छापेमारी की गई, जिसमें 10 से 15 महिला अभ्यर्थियों के भी शामिल होने की बात सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, सभी अभ्यर्थी सुबह होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए वहां रुके हुए थे. हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि यह महज ठहराव था या इसके पीछे किसी प्रकार की गड़बड़ी या पेपर लीक जैसी साजिश जुड़ी हुई है.
मामले को लेकर ग्रामीण एसपी भी तमाड़ थाना पहुंचे हैं. उनके साथ बुंडू अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है. फिलहाल सभी डिटेन अभ्यर्थियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. अभी तक पेपर लीक की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

