बोकारो Report By Shubham Mishra जिले के पिंडाराजोरा थाना क्षेत्र से करीब नौ महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने मधुटांड़ जंगल से युवती का कंकाल बरामद किया है, जो मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो की निशानदेही पर मिला.

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि मृतका और आरोपी के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि युवती द्वारा शादी का लगातार दबाव बनाए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रची.
घटना के दिन पुष्पा कुमारी चास कॉलेज में स्नातक नामांकन के लिए पहुंची थी. पहले से बनाई गई योजना के तहत आरोपी भी वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे कॉलेज के पीछे सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया. वहां उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया.
पुलिस जांच के दौरान SIT टीम ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से कपड़े, बालों के अवशेष, हड्डियों के टुकड़े और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है. इधर मामले में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका सामने आने पर एसपी हरविंदर सिंह ने पिंडाराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है.

