खरसावां: प्रखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत शुक्रवार को बकरा- बकरी का वितरण किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है. कार्यक्रम में बीडीओ प्रधान माझी, जिप सदस्य कालीचरण बानरा, प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा तथा सीओ कप्तान सिंकू की उपस्थिति में रांची की वैष्णवी एंटरप्राइज द्वारा 10 लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण किया गया.

प्रत्येक लाभुक को आठ बकरी और दो बकरा प्रदान किए गए. मौके पर बीडीओ प्रधान माझी ने कहा कि सरकार रोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनुदान पर पशुधन उपलब्ध करा रही है, ताकि ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें. उन्होंने बताया कि बकरी पालन आमदनी का एक बेहतर माध्यम है, जिससे किसान समृद्ध बन सकते हैं.
वहीं जिप सदस्य कालीचरण बानरा ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ सभी पात्र लोगों को उठाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की आय बढ़ाना और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है. प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण पशुपालकों के लिए काफी लाभकारी है और इससे उनकी आय में वृद्धि के साथ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा. कार्यक्रम में पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह, मुखिया सुनीता तापे सहित कई गणमान्य लोग और सभी लाभुक उपस्थित रहे.

