सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के सभाकक्ष में शुक्रवार को अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में मछली, मांस एवं मुर्गा विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और दुकानदारों की समस्याओं के समाधान को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए.

इस दौरान उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद बिक्रम मोदक, उत्तम महांती, शांति गोडसेरा, गौतम नायक, सुशीला तीयू, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, नगर अभियंता सहित कई अधिकारी और दुकानदार मौजूद रहे.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों की समस्याओं, जैसे धूप, बारिश और अव्यवस्थित माहौल पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत सभी दुकानदारों को सम्मानजनक और सुरक्षित व्यवसायिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बैठक में नगर पंचायत अभियंताओं द्वारा प्रस्तावित भूमि का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर सभी पक्षों के साथ विस्तार से चर्चा हुई. इससे जल्द ही एक समर्पित और व्यवस्थित मछली एवं मांस बाजार के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत द्वारा तय डिजाइन के अनुसार दुकानदार अपने खर्च पर कियोस्क का निर्माण करेंगे, जिससे बाजार एकरूप और व्यवस्थित दिखे.
इसके साथ ही दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस और स्ट्रीट वेंडर कार्ड उपलब्ध कराने के साथ- साथ बैंक से ऋण सुविधा दिलाने में भी नगर पंचायत हर संभव सहयोग करेगी. बेहतर समन्वय के लिए दुकानदार संघ के अध्यक्ष राधा कृष्ण कैवर्त, सचिव अविनाश मोहंती और कोषाध्यक्ष अगस्ती कैवर्त को जिम्मेदारी सौंपी गई. बैठक का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जहां सभी ने मिलकर शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प लिया.

