जमशेदपुर/ Afroz Mallik शौर्य दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रैपिड एक्शन फोर्स की विभिन्न वाहिनियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे. उन्होंने 106 आरएएफ वाहिनी को “सर्वश्रेष्ठ परिचालनिक वाहिनी” के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित करते हुए ट्रॉफी प्रदान की.
इस दौरान आरएएफ की महानिरीक्षक सीमा ढुंडिया भी विशेष रूप से मौजूद रहीं. 106 आरएएफ वाहिनी ने अपने कमांडेंट राजीव कुमार के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों में कानून- व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील परिस्थितियों में उत्कृष्ट परिचालनिक कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है. इसी उल्लेखनीय योगदान के आधार पर वाहिनी को यह सम्मान दिया गया. इसी क्रम में शौर्य दिवस के अवसर पर 106 वाहिनी के सुंदरनगर परिसर में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी सचिदानन्द मिश्र के नेतृत्व में उप कमांडेंट बच्चन देव कुमार, सहायक कमांडेंट धंसे लक्ष्में एवं राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीदों के सम्मान में मौन रखा गया और उनके अदम्य साहस एवं बलिदान को नमन किया गया. इसके साथ ही वाहिनी परिसर में सैनिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और “बड़ा खाना” का आयोजन भी किया गया, जिसमें जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
यह आयोजन शौर्य, समर्पण और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण रहा, जिसने देश की सुरक्षा में सीआरपीएफ और आरएएफ के योगदान को एक बार फिर उजागर किया.

