जमशेदपुर/ Varun Kumar दक्षिण पूर्व रेलवे को नया महाप्रबंधक मिल गया है. रेलवे बोर्ड द्वारा 8 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के अनुसार अनिल कुमार जैन को इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है.

यह नियुक्ति केंद्र सरकार की अपॉइंटमेंट्स कमिटी ऑफ़ द कैबिनेट की मंजूरी के बाद की गई है. जारी सूची में देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों में खाली पड़े शीर्ष पदों को भरने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति की गई है.
अनिल कुमार जैन भारतीय रेलवे इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सेवा (IRSEE) के 1990 बैच के अनुभवी अधिकारी हैं. अपने करियर के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. वर्ष 2021 में उन्हें राजकोट का मंडल रेल प्रबंधक बनाया गया था, जहां उन्होंने प्रशासन और संचालन स्तर पर महत्वपूर्ण सुधार किए. इसके बाद वे अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट से भी जुड़े रहे और शहरी परिवहन परियोजनाओं का अनुभव हासिल किया.
दक्षिण पूर्व रेलवे में यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब पूर्व महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो गए थे. उनके रिटायरमेंट के बाद अस्थायी रूप से यह जिम्मेदारी सौमित्रो मजूमदार को सौंपी गई थी. अब स्थायी रूप से अनिल कुमार जैन को यह पद दिया गया है.
दक्षिण पूर्व रेलवे का मुख्यालय कोलकाता में स्थित है और यह झारखंड, ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से को कवर करता है. यह जोन खनिज, कोयला और स्टील परिवहन के लिए देश के सबसे महत्वपूर्ण रेलवे नेटवर्क में शामिल है.
नए महाप्रबंधक के रूप में अनिल कुमार जैन के सामने ट्रेनों की समयबद्धता सुधारना, यात्री सुविधाओं का विस्तार, माल ढुलाई को अधिक कुशल बनाना और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण को गति देना जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा. रेलवे बोर्ड के अनुसार उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक लागू रहेगी.

