जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक मोटरसाइकिल चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया गया. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप यादव के रूप में हुई है, जो देवघर जिले के चित्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरमाटी गांव का निवासी है. उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार मिहिजाम के व्यस्त स्टेशन रोड इलाके में कुश्वेदिया डंगाल पाड़ा निवासी दिनेश्वर रजक की बाइक को दिनदहाड़े चोरी करने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान मौजूद लोगों ने आरोपी को भागते हुए पकड़ लिया और उसकी जमकर घेराबंदी कर दी. इसके बाद आरोपी को मिहिजाम थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है, वहीं लोगों ने सतर्कता बरतने की अपील भी की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

