आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला RIT थाना क्षेत्र का है, जहां क्वार्टर नंबर 69/1/8, रोड नंबर 16 निवासी विनोद कुमार सिंह के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है.

बताया जा रहा है कि चोरों ने बेहद पेशेवर तरीके से घर में प्रवेश किया. हैरानी की बात यह रही कि कहीं भी मुख्य दरवाजे के ताले टूटने के निशान नहीं मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों के पास चाबी या डुप्लीकेट व्यवस्था रही होगी. हालांकि घर के अंदर अलमारी का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात की चोरी कर ली गई.
मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक इन दिनों बेंगलुरु गए हुए हैं. मंगलवार सुबह जब केयरटेकर घर पहुंची तो सभी दरवाजे खुले मिले, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, हालांकि फिलहाल चोरी की कुल राशि का आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा.
गौरतलब है कि आदित्यपुर क्षेत्र में इन दिनों बंद घरों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. पिछले तीन दिनों में तीन अलग- अलग बंद घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. पहले वार्ड 18 की पूर्व पार्षद दिवंगत विनीता अविनाश के घर, फिर वार्ड 17 निवासी अतनु चक्रवर्ती के घर और अब आरआईटी के आदित्यपुर कॉलोनी निवासी विनोद कुमार सिंह के घर चोरी की वारदात हुई है.
लगातार हो रही इन घटनाओं से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि क्षेत्र में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है, जो बंद घरों की रेकी कर उन्हें निशाना बना रहा है. स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

