राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में सड़क पर खड़ी एक हाइवा वाहन ने एक ही रात में दो अलग- अलग हादसों को जन्म दे दिया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है.

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे पहली घटना घटी, जब एक मोटरसाइकिल सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी हाइवा से टकरा गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके लगभग दो घंटे बाद रात 10 बजे उसी स्थान पर एक और बाइक सवार हाइवा के पीछे जा भिड़ा, जिससे वह भी बुरी तरह जख्मी हो गया.
लगातार दो हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए एनएच-220 को जाम कर दिया. रात 12 बजे से शुरू हुआ जाम मंगलवार सुबह 10 बजे तक जारी रहा, जिससे करीब 20 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर खराब होकर खड़े भारी वाहनों को हटाने या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं. इसके साथ ही स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि प्राथमिक उपचार की समुचित सुविधा नहीं होने के कारण घायलों को सीधे जमशेदपुर रेफर करना पड़ता है.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश बना रहा. बाद में बीडीओ और सीओ भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.
ग्रामीणों ने हाइवा मालिक से घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने और किसी भी अप्रिय स्थिति में पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. प्रशासन और ट्रांसपोर्टर के बीच वार्ता जारी है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा तथा प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

