कांड्रा/ Bipin Varshney सरायकेला थाना क्षेत्र में शनिवार को अचानक हुई घटना ने राह चलते लोगों को चौंका दिया. कांड्रा- सरायकेला मार्ग पर चाडरी मोड़ के पास देखते ही देखते अफरा- तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार कांड्रा की ओर से आ रहा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया. वाहन में थिनर लोड था, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गया. देखते ही देखते थिनर से भरे ड्रम सड़क पर फैल गए, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति गंभीर हो गई.

घटना के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों में भी दहशत का माहौल बन गया. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति को संभाला गया. राहगीरों के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को उठाकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे- धीरे आवागमन सामान्य हो सका. उधर सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अब सवाल यह है कि आखिर इस तरह के खतरनाक सामान के परिवहन में लापरवाही कब तक जारी रहेगी, और कब ऐसे हादसों पर लगाम लगेगी.

